मध्य प्रदेशराज्यराष्ट्रीय

Rahul Gandhi MP Visit Live: राहुल का शिवराज सरकार पर बड़ा आरोप, एक तरफ नफरत और एक तरफ मोहब्बत

राहुल का शिवराज सरकार पर बड़ा आरोप, कहा- MP देश में भ्रष्टाचार का एपिसेंटर

 Updated Sat, 30 Sep 2023 01:30 PM IST

खास बातें

राहुल का शिवराज सरकार पर बड़ा आरोप, कहा- MP देश में भ्रष्टाचार का एपिसेंटर

कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा को संबोधित करने के लिए शनिवार को राहुल गांधी शाजापुर जिले के कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के पोलायकलां आ रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, मध्य प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत कई पूर्व मंत्री और प्रदेश के पदाधिकारी इस जनसभा में शामिल होंगे।  

राहुल गांधी इस सभा के जरिये मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान का आगाज करेंगे। चुनावों से पहले यह राहुल गांधी की पहली आमसभा होगी। जनसभा और यात्रा के स्वागत की तैयारियां अंतिम स्टेज पर पहुंच गई हैं। इससे पहले शुक्रवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव महेंद्र जोशी, मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा, कालापीपल विधानसभा क्षेत्र से विधायक कुणाल चौधरी ने सभा स्थल का निरीक्षण किया। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने शुक्रवार को भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी के कार्यक्रम की जानकारी दी थी। राहुल गांधी सुबह इंदौर पहुंचेंगे। उसके बाद शाजापुर के लिए रवाना होंगे। 

इंदौर से शाजापुर के लिए रवाना

राहुल गांधी शनिवार सुबह इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे। वहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत अन्य नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया। वहां से हेलिकॉप्टर में बैठकर ही शाजापुर के लिए रवाना हो गए। वे सीधे पोलायकलां पहुंचेंगे, जहां जन आक्रोश यात्रा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे उज्जैन दुष्कर्म और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरेंगे। 

प्याज-लहसन से हुआ राहुल का स्वागत
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोलायकला में राहुल का स्वागत प्याज-लहसन से किया। मंच से कहा गया कि यह इलाका प्याज और लहसन की खेती का है। यहां की सरकार ने प्याज और लहसन पर 40 प्रतिशत टैक्स लगाया है। 

शोभा ओझा का आरोप- अंधेर नगरी चौपट राजा

कांग्रेस नेता शोभा ओझा ने पोलायकलां में जनसभा की शुरुआत करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में अंधेर नगरी चौपट राजा है। नवंबर में चुनाव होंगे। कमर कस लीजिए। भाजपा हर तरह का हथकंडा अपनाएगी और भ्रमित करेगी। लोगों को गुमराह करने के लिए प्रयास कर सकते हैं। सात सांसदों को चुनावों में उतारा है। इससे कोई फायदा नहीं होने वाला। उन्हें डर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से कहना चाहती हूं कि आप भी चुनाव लड़ लीजिए। कांग्रेस के विधायक और उम्मीदवार आपको भी धूल चटा देंगे। इंदौर में संजय शुक्ला के सामने कैलाश विजयवर्गीय को उतारा है। मैं दावे के साथ कहती हूं कि संजय शुक्ला निश्चित तौर पर कैलाश विजयवर्गीय को पटखनी देंगे।

राहुल ने कहा- विचारधारा की लड़ाई है, एक तरफ गांधी जी और दूसरी तरफ गोड़से 

राहुल गांधी ने पोलायकला में कहा कि हमारी विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ कांग्रेस है और दूसरी तरफ भाजपा और आरएसएस। एक तरफ गांधी जी और दूसरी तरफ गोड़से। एक तरफ नफरत और एक तरफ मोहब्बत है। यह लोग जहां जाते हैं, वहां नफरत फैलाते हैं। मध्य प्रदेश में किसान, युवा इनसे नफरत करने लगा है। इन लोगों ने जो जनता के साथ किया, वह अब जनता उनके साथ कर रही है। इस वजह से हमने यह सात जन आक्रोश यात्राएं मध्य प्रदेश में निकाली हैं। इससे पहले कन्याकुमारी से कश्मीर तक चले थे। मध्य प्रदेश में लगभग 370 किमी हमारी यात्रा चली थी। किसानों, युवाओं, माता-बहनों से मिले। मुझे सिर्फ दो-तीन बातें कही। मध्य प्रदेश हिंदुस्तान में भ्रष्टाचार का एपिसेंटर है। जितना भ्रष्टाचार बीजेपी के लोगों ने मध्य प्रदेश में किया है, पूरे देश में नहीं किया है। बच्चों के फंड्स, मिड-डे मील के फंड्स, स्कूल यूनीफॉर्म के फंड्स चोरी किए। महाकाल कॉरिडोर में बीजेपी ने पैसा चोरी किया। व्यापमं स्कैम को आप सब जानते हैं। एक करोड़ युवाओं को नुकसान पहुंचाया। सीट्स बेची जाती है। पेपर लीक किए जाते हैं। यह इनका राज है। 

पहली बार किसान टैक्स दे रहा है

राहुल ने कहा कि आप किसान हैं। आप लोग यहां सोयाबीन उगाते हैं। किसानों ने हमें बताया कि सरकार यहां उचित दाम नहीं देती है। छत्तीसगढ़ में किसानों से पूछिए तो पता चलेगा कि धान के लिए हम किसानों को कितना पैसा देते हैं। हमने हर वायदा पूरा किया। मध्य प्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ समेत हर राज्य में किसानों की कर्ज माफी की थी। कमलनाथ जी किसानों का कर्ज माफ कर रहे थे। यहां बीजेपी वालों ने आपको धोखा देकर सरकार चुरा ली। पिछले 18 साल में यहां 18 हजार किसानों ने आत्महत्या की है। हर रोज तीन किसान यहां मरते हैं। यहां इनकी सरकार है। यह लोग चुने हुए लोगों के लिए काम करते हैं। हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार किसान टैक्स दे रह है। इन्होंने किसानों को दबाने, खत्म करने के काले कानून लाए। हिंदुस्तान के सारे किसान एकजुट होकर इनके खिलाफ खड़े हो गए। नरेंद्र मोदी जी कहते हैं कि किसानों के फायदे के लिए यह कानून लाए हैं। जब उनके फायदे का है तो किसान सड़क पर क्यों उतरे हैं। नरेंद्र मोदी कहना चाहते थे कि किसानों को कोई समझ नहीं है। हिंदुस्तान के दो-तीन अरबपति, अदाणी जी किसान को फायदा पहुंचाने के लिए काम करते हैं। आप कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल जाइए, वहां हमारी सरकारें गरीबों के लिए काम करती है। कर्नाटक में हमने किसानों, महिलाओं, गरीबों के लिए पांच गारंटी दी। कर्नाटक की महिलाएं बस में जाने के लिए एक रुपया नहीं देती है। कहीं भी जाना हो, फ्री में जाती हैं। हर महीने उनके बैंक खातों में सरकार सीधे पैसा देती है। छत्तीसगढ़ में किसानों का कर्ज माफ किया। किसानों को सही दाम दिलवाते हैं। राजस्थान में मुफ्त में दवा मिलती है। 15 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज होता है। हार्ट सर्जरी करानी हो तो वह फ्री में होती है। सरकार जनता के लिए होनी चाहिए, किसी संगठन या एक-दो उद्योगपतियों के लिए नहीं चलनी चाहिए। ऐसी ही सरकार हम यहां मध्य प्रदेश में चलाना चाहते हैं।

अदाणी जी की सच्चाई बोलना शुरू की तो लोकसभा सदस्यता खत्म कर दी

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मैंने संसद में जैसे ही अदाणी जी की बात शुरू की। वैसे ही मेरी लोकसभा सदस्यता खत्म कर दी। आप सोचिए, अदाणी की रक्षा करने के लिए एकदम मेरी लोकसभा की सदस्यता को कैंसल कर दिया। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं सच्चाई बोलता हूं। देश के सामने अदाणी जी एक सच्चाई है। पोर्ट्स देख लीजिए, एयरपोर्ट्स देख लीजिए, इंफ्रास्ट्रक्चर देख लीजिए, हर जगह आपको अदाणी जी दिखाई देंगे। अदाणी जी किसानों की जेब से रोज आपका पैसा निकालते हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर, डीजल, फर्टिलाइजर में आपका पैसा निकलता है और इन दो उद्योगपतियों के पास जाता है। मीडिया वालों की बात की। वह लोग मोदी जी का चेहरा 24 घंटे दिखाएंगे। हमें नहीं दिखाएंगे। ऐस क्यों? इनका रिमोट कंट्रोल अदाणी जी के हाथ में है। सच्चाई अदाणी जी से बड़ी है। कुछ दिन पहले भाजपा ने महिला आरक्षण की बात की। हमने एक सवाल उठाया। भाजपा ने कोई जवाब नहीं दिया। हमने पहले कहा कि महिला आरक्षण अच्छा है लेकिन इसमें आपने दो छोटी लाइनें लिख रखी है। इन्हें मिटाइए। एक लाइन थी- महिला आरक्षण से पहले सर्वे करने की जरूरत है। दूसरी लाइन थी- महिला आरक्षण करने से पहले हमें जो परिसीमन करना है। इससे महिला आरक्षण दस साल बाद होगा। आज नहीं होगा। हमने कहा कि यह दो लाइन बदलिए। हमने सवाल पूछा कि महिला आरक्षण में ओबीसी आरक्षण क्यों नहीं है? 

कमलनाथ का आरोप- शिवराज की झूठ की मशीन डबल स्पीड पर चल रही है 

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि चुनावी बेला में शिवराज सिंह चौहान की झूठ की और घोषणा की मशीन डबल स्पीड पर चल रही है। यह आपके सामने तस्वीर है। यह लोग यात्रा निकाल रहे हैं। इन्होंने पंचायत से मंत्रालय तक 50 प्रतिशत कमीशन की मशीन चलाई है। उन्हें तो रेट कार्ड की यात्रा निकालना चाहिए। भाजपा का समय आ गया है। मध्य प्रदेश के मतदाताओं ने तय कर लिया है कि शिवराज सिहं को प्यार से रवाना करेंगे। भाजपा के पास सिर्फ पुलिस, पैसा और प्रशासन है। याद रखियेगा कि कल के बाद परसो भी आता है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह चुनाव दो महीने में हमारे सामने है। यह उम्मीदवार या पार्टी का चुनाव नहीं है। यह मध्य प्रदेश के भविष्य का चुनाव है। आप सब लोग सच्चाई का साथ देंगे। 

raipurdarshan

रायपुर दर्शन डिजिटल न्यूज़ चैनल का एक ऐसा माध्यम है जिसमे छत्तीसगढ़ के साथ साथ देश दुनियां की सारी खबरे एक ही प्लेटफार्म में देखने मिलेंगी। हमारा उद्देश्य बदलते छत्तीसगढ़ ,नक्सलवाद का खात्मा करता छत्तीसगढ़ ,शिक्षा का अलख जगाता छत्तीसगढ़ के साथ साथ देश दुनियां में सांस्कृतिक धरोहर को बेहतर मुकाम पर दिखाना है।

raipurdarshan

रायपुर दर्शन डिजिटल न्यूज़ चैनल का एक ऐसा माध्यम है जिसमे छत्तीसगढ़ के साथ साथ देश दुनियां की सारी खबरे एक ही प्लेटफार्म में देखने मिलेंगी। हमारा उद्देश्य बदलते छत्तीसगढ़ ,नक्सलवाद का खात्मा करता छत्तीसगढ़ ,शिक्षा का अलख जगाता छत्तीसगढ़ के साथ साथ देश दुनियां में सांस्कृतिक धरोहर को बेहतर मुकाम पर दिखाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button