राज्य

झारखंड के रामगढ़ में युवक का शव प्रेमिका के घर से हुआ बरामद

रामगढ़ (दुमका)। झारखंड के रामगढ़ थाना क्षेत्र के कुशेबदिया गांव से पुलिस ने शनिवार की शाम युवक मंगल हांसदा का शव उसकी ही प्रेमिका के घर से बरामद किया। युवक की गुरुवार की रात मौत हो गई थी। जानकारी के मुताबिक दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इस दौरान मंगल ने दम तोड़ दिया। डर के कारण शुक्रवार व शनिवार की शाम तक महिला घर से बाहर नहीं निकली।
शनिवार शाम को शक होने पर ग्रामीणों ने दरवाजा खुलवाया तो घटना का पता चला। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। देर शाम तक इस मामले में प्राथमिकी नहीं हो सकी थी। पुलिस महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

मंगल ने विधवा महिला से कर बैठा था प्यार
ग्रामीणों के अनुसार मंगल हांसदा की पत्नी काफी दिन पूर्व उसे छोड़कर चली गई। वहीं गांव की ही एक महिला के पति का काफी दिन पहले निधन हो गया था। जिसके बाद महिला विधवा हो गई। लेकिन इसी दौरान वह बिना पत्नी के रह रहे मंगल के संपर्क में आई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई। दोनों साथ रहने लगे। मंगल काफी दिन से महिला के घर में ही रह रहा था। गुरुवार को उसने हाट में शराब पी और मांस खरीद कर लाया। खाना खाने के बाद दोनों के बीच किसी बात पर मारपीट हुई। इसके बाद दोनों सो गए। शुक्रवार सुबह मंगल नहीं उठा। महिला ने देखा कि मंगल की मौत हो गई है तो शुक्रवार को उसने डर से घर का दरवाजा नहीं खोला।

ग्रामीणों ने दरवाजा खुलवाया तो मचा हड़कंप
इसके बाद ग्रामीणों ने जबरन दरवाजा खुलवाया तो महिला ने बताया कि अत्यधिक शराब पीने से मंगल का निधन हो गया है। लोगों ने मंगल का शव देखा तो शरीर पर मारपीट के कई निशान थे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। रामगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक किसी की ओर से लिखित शिकायत नहीं की है। इसीलिए मामला दर्ज नहीं किया जा सका है। महिला से पूछताछ चल रही है।
 

News Desk

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button